मतदान के बाद अब मशीनरी का पूरा फोकस मतगणना की व्यवस्थाओं पर है, इसके बीच सरकारी कामकाज भी शुरू हो गया है। आज लंबे समय बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंत्रालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने कुछ पुराने मामलों पर गौर किया और अफसरों से चर्चा की।
दूसरी तरफ सरकार ने दिसंबर के पहले पखवाड़े में चुनकर आने वाले विधायकों के लिये आवास के प्रबंध भी शुरूआत भी कर दी है। फिलहाल इसके लिये करीब तीन दर्जन उन विधायकों को आवास खाली करने के लिये कहा जा रहा है, जो इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, यानि टिकट वंचित रहे हैं। ऐसे विधायकों को पत्र भेजकर कहा गया है कि वे जल्द आवास रिक्त करें।
मतगणना की तैयारी, सबसे पहले दक्षिण व मध्य का नतीजा: ! इधर भोपाल समेत सभी जिलों में मतगणना की तैयारी तेज हो गई हैं। इसके लिये निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक कलेक्टरों ने व्यवस्थायें करना शुरू कर दी हैं। अभी भी जहां ईवीएम मशीनें हैं, वहां कड़ी सुरक्षा है, कई जगहों पर उम्मीदवारों के समर्थक भी पहरा दे रहे हैं।
भोपाल में सबसे पहले मध्य, उत्तर और दक्षिण-पश्चिम सीट के नतीजे आने की संभावना है, इसके बाद गोविंदपुरा और नरेला का चुनाव परिणाम सबसे बाद में आने के आसार हैं। तीन दिसंबर को सुबह 8 बजे से काउंटिंग का काम शुरू हो जाएगा। भोपाल में पुरानी जेल स्थित विधानसभा वार काउंटिंग के लिए हॉल बनाए गए हैं। सुबह 8 बजे से कर्मचारी, दिव्यांग और बुजुर्गों द्वारा डाले गए मतपत्रों की गिनती शुरू होगी। इसके बाद 8.30 बजे से ईवीएम की गिनती शुरू हो जाएगी। माना जा रहा है कि दस बजे तक रूझान आने लगेंगे।