मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने के साथ ही कई अहम पदों पर अधिकारियों को बदलने का सिलसिला जारी है। अब मध्य प्रदेश में आईपीएस अफसरों की तबादला सूची जारी की गई है, जिसमें चीफ इंटेलिजेंस ऑफिसर का भी तबादला किया गया है। एडीजी आदर्श कटियार, जो अब तक खुफिया विभाग की कमान संभाल रहे थे, उनको पुलिस मुख्यालय, भोपाल में दूरसंचार विभाग का प्रमुख बनाया गया है।
गृह विभाग ने तीन आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है। इस तबादला सूची में अपर पुलिस महानिदेशक गोपनीय वार्ता के पद की जिम्मेदारी आदर्श कटियार की जगह जयदीप प्रसाद को दी गई है। जयदीप प्रसाद पहले उज्जैन के पुलिस अधीक्षक थे। माना जाता है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनके करीबी रिश्ते हैं। कई दिनों से खुफिया विभाग में फेरबदल की संभावनाएं बन रही थीं। मंगलवार देर रात घोषित सूची ने अटकलों पर विराम लगा दिया।
इस तबादला सूची में मुख्यमंत्री की सुरक्षा में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात अजय पांडे को भी हटा दिया गया है। उनकी जगह विदिशा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीर यादव को प्रभार सौंपा गया है। पुलिस अधिकारियों से पहले प्रशासनिक अधिकारियों की भी तबादला सूची जारी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री आवास में प्रशासनिक कामकाज संभालने वाले अधिकारियों का भी दूसरी जगहों पर तबादला कर दिया गया है, जबकि नए अधिकारियों को मौका दिया गया है।
मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार है, इसलिए कुछ आईपीएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव की संभावना कई दिनों से थी। बताया जा रहा है कि गृह विभाग में ओएसडी के पद पर अभी एक और आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति होनी है।