इन दिनों हार्ट अटैक से मरने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। किसी को बैठे-बैठे दिल का दौरा पड़ा तो कोई नाचते-नाचते गिर पड़ा। इनमें से कईयों की तो जान बच गई लेकिन कई ऐसे भी हैं, जिनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अचानक आई ऐसी मौत हैरान कर रही है।
ताज़ा मामला मध्यप्रदेश के इंदौर से सामने रहा है। इंदौर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स परिवार के साथ खाना खाने के लिए होटल पहुंचता है, जहां उसे हार्ट अटैक आ जाता है। खाने की टेबल पर ही उसकी मौत हो जाती है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि परिवार होटल में खाना खाने के लिए टेबल पर बैठा है। वेटर उनके लिए खाना लेकर आया। थोड़ी देर बाद वह आदमी अपना सिर सामने रखे खाने पर रख देता है। उस आदमी को उठाने की कोशिश की जाती है। तब तक किसी को ये समझ नहीं आता कि ये हार्ट अटैक था।
परिजन व्यक्ति का सिर उठाने की कोशिश करते हैं, लेकिन जब वह शख्स नहीं उठा तो वे लोग घबरा जाते हैं। इसके बाद जब शख्स को उठाने की कोशिश की जाती है तो वह कुर्सी से फर्श पर गिर जाता है। तब लोगों को एहसास हुआ कि मामला गंभीर है। शख्स के गिरने के बाद होटल स्टाफ भी वहां पहुंचा लेकिन सीपीआर देने की कोशिश की लेकिन शख्स को बचाया नहीं जा सका।
ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों पर चिंता जता रहे हैं। एक ने लिखा कि कई लोग दिल के दौरे से मर रहे हैं और यह चलन टीकाकरण के बाद शुरू हुआ। एक ने लिखा कि सीपीआर देना सीखना अनिवार्य होना चाहिए, साथ ही लिखा कि अगर उसके साथी को सीपीआर ठीक से देना आता तो उसे बचाया जा सकता था।