मध्यप्रदेश कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र को वचन पत्र का नाम दिया है और 101 गारंटियों का भी जिक्र किया है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने धान 2600 रुपये और गेहूं 2599 रुपये में खरीदने का वादा किया है। इसके अलावा पार्टी ने कहा कि अगर वह सत्ता में आई तो गाय का गोबर भी खरीदेगी। रोजगार के मोर्चे पर पार्टी ने दो लाख नई भर्तियां करने का वादा किया है।

कहा गया है कि प्रदेश में नौकरियों के लिए उद्योगों का हब बनाया जाएगा। कृषि पर कांग्रेस ने कहा कि किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।

कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि जय किसान कृषि ऋण माफी योजना जारी रहेगी। किसानों का 2.00 रुपये तक का कर्ज माफ किया जाएगा. इसके साथ ही महिला सम्मान निधि के रूप में हर माह रु. 1500/- दिया जायेगा. पार्टी ने कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपये में दिया जाएगा. इंदिरा गृह ज्योति योजना के तहत 100 यूनिट छूट पर और 200 यूनिट आधी दर पर दी जाएंगी।

कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में कहा है कि वह पुरानी पेंशन योजना 2005 ओपीएस शुरू करेगी। किसानों को सिंचाई के लिए 5 हॉर्स पावर बिजली मुफ्त दी जाएगी। किसानों का बकाया बिजली बिल माफ करेंगे।
कांग्रेस ने अपने एमपी घोषणापत्र में वादा किया है कि वह किसान आंदोलन और बिजली से जुड़े झूठे और बेबुनियाद मामले वापस लेगी। दिव्यांग व्यक्तियों की पेंशन राशि बढ़ाकर रु. 2000/- तक की जाएगीऔर कांग्रेस सत्ता में आई तो  जातिगत जनगणना करवाएगी।

पार्टी ने यह भी कहा है कि वह सरकारी सेवाओं और योजनाओं में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देगी और सागर में संत शिरोमणि रविदास के नाम पर एक कौशल उन्नयन विश्वविद्यालय स्थापित करेगी। तेंदूपत्ता की मजदूरी दर प्रति मानक बोरा रू. 4000/- होगा। पढ़ो-पढ़ाओ योजना के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के बच्चों को कक्षा 1 से 8वीं तक 500/- रूपए, कक्षा 9वीं-10वीं के लिए 1000/- एवं कक्षा 11वीं-12वीं के बच्चों को 1500/- रूपए प्रतिमाह दिए जाएंगे। 

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में मुफ्त स्कूली शिक्षा देने और आदिवासी अनुसूचित क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकाल में बने पेसा कानून को लागू करने का वादा किया है।