प्रदेश के कक्षा दसवीं-बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए काम की खबर है। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कक्षा दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं की टाइम टेबल जारी कर दिया है। जिसके अनुसार, कक्षा दसवीं की परीक्षाएं 1 मार्च से शुरू होकर 9 मार्च तक चलेंगी। वहीं कक्षा बारहवीं की परीक्षाएं 1 अप्रेल तक आयोजित की जाएंगी। दोनो ही कक्षाओं की परीक्षा समय सुबह 9 बजे से 12 बजे तक रहेगा और पहला पेपर हिंदी रहेगा।

विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एक घंटे पहले सुबह 8 बजे पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय 8:45 के बाद किसी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। मंडल सचिव ने इस संबंध में दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

करीब 19 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल: प्रदेश में इस बार माध्यमिक • शिक्षा मंडल की कक्षा दसवीं-बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में करीब 19 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। भोपाल में दोनो कक्षाओं को मिलाकर लगभग 90 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। वहीं प्रदेशभर में इन कक्षाओं के परीक्षा के लिए करीब 3500 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।