मध्य प्रदेश में कंपकपाने वाली ठंड ने दस्तक दे चुकी है। प्रदेश में लगातार ठंड बढ़ रही है। शुक्रवार को भी राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने भोपाल समेत करीब 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक़ शहडोल, सागर संभाग के साथ डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा, उज्जैन, देवास, रतलाम, मंदसौर, नीमच, इंदौर, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर आदि जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बारिश के अलावा प्रदेश में कोहरे का दौर जारी है। शुक्रवार को भी ग्वालियर, चंबल संभाग के साथ सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, भोपाल, सीहोर, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीमच आदि जिलों में कोहरा रहेगा। यहां विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक रहने का अनुमान है।
राजधानी भोपाल में सुबह चार बजे से करीब पौन घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश के साथ ही कोहरा भी छाया हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक करीब तीन दर्जन जिलों में आज मानसून जैसी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, ग्वालियर समेत आधे प्रदेश में मध्यम से घना कोहरा रहेगा।
गुरुवार को खजुराहो में अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री, सागर में 16.6 डिग्री, दमोह में 17.6 डिग्री, सतना में 17.8 डिग्री, रायसेन में 17.8 डिग्री, गुना में 18.4 डिग्री, रीवा में 19.2 डिग्री और पचमढ़ी में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तरह कुल 13 जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री से कम रहा। सबसे अधिक तापमान खरगोन में 26.8 डिग्री दर्ज किया गया।