भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित रंगीला ढाबा के सामने बीती देर रात तेज रफ्तार डंपर ने एबीबीएस छात्राओं की स्कूटर को टक्कर मार दी। इस हादसे में डंपर के टायर में दबने से सेकंड ईयर की छात्रा की मौत हो गई, जबकि स्कूटर सवार दो सहेलियों को गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद डंपर के चालक ने ढाबे के पास खड़ी कार और अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मरने वाली छात्रा बैतूल के सदर बाजार की है और डॉक्टर ने देर रात ही उसका पीएम करने के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। आज सुबह परिजन छात्रा का शव लेकर बैतूल भी निकल गए। इधर गंभीर रूप से घायल छात्राओं का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने डंपर बरामद कर लिया है। आरोपी चालक हादसे के बाद से ही फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। एएसआई प्रवीण सिंह बैस ने बताया कि गुंजन उर्फ गुंजा सरकार पिता लोकेंद्र सरनकार (21) मूलतः सदर बाजार बैतूल की रहने वाली थी। वह गांधी मेडिकल कॉलेज के डी ब्लॉक गर्ल्स हास्टल में रह रही थी और एमबीबीएस सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार रात वह अपनी सहेली निशिता और छवि के साथ हास्टल से स्कूटर लेकर गांधी नगर स्थित रंगीला ढाबा चाय पीने के लिए गई थी । इस दौरान ढाबा के सामने उनकी स्कूटर को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से छवि और निशिता दूर जा गिरी, जबकि गुंजन डंपर के बीच वाले टायर के नीचे दब गई। इस हादसे में गुंजन की मौके पर ही मौत हो गई थी।
डंपर की चपेट आए अन्य वाहन
हादसे के समय डंपर तेज रफ्तार में था और उसने ढाबे के सामने खड़े वाहनों को भी टक्कर मारी है। इस हादसे में कार समेत आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त हुए है। देर रात मिली सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मशक्कत के बाद गुंजन का शव टायर के बीच से निकाला गया। पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।