मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट आज आ सकती है।  दिल्ली में लिस्ट को लेकर व्यापक मंथन चल रहा है। बुधवार देर रात तक दिल्ली में प्रत्याशियों के नाम पर विचार के बाद गुरुवार सुबह से कांग्रेस की बड़ी बैठक जारी है जिसमें करीब 60 नामों पर मुहर लग सकती है।  

दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जारी बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ एवं प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुख्य रूप से उपस्थित हैं।

बताया जा रहा है कि बुधवार को बैठक में 50 नाम फाइनल किये जा चुके हैं। इनमे 21 विधायकों के नाम भी हैं। लगातार तीन बार से हारने वाली 40 सीटों के प्रत्याशियों के नामों पर केंद्रीय चुनाव समिति में चर्चा की गई है।

वहीं शिवपुरी सीट से घोषित प्रत्याशी केपी सिंह की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मुलाकात के बाद संभावना जताई जा रहा है कि पार्टी शिवपुरी और पिछोर के प्रत्याशी बदल सकती है।

इसका कारण भाजपा के कोलारस से विधायक वीरेंद्र रघुवंशी द्वारा कांग्रेस की सदस्यता लेते समय उनसे किया गया वादा बताया जा रहा है। वे शिवपुरी से टिकट मांग रहे थे लेकिन यहाँ केपी सिंह का नाम घोषित कर दिया गया है।

साथ ही दतिया में राजेंद्र भारती के स्थान पर भाजपा से आए अवधेश नायक को प्रत्याशी बनाने का भी विरोध हो रहा है। इस पर पार्टी विचार कर रही है। दिल्ली बैठक में अन्य सीटों के प्रत्याशियों के नाम को अंतिम रूप दिया गया।