भोपाल: मध्य प्रदेश में दो विभागों के विलय का फैसला लिया गया है, स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग का विलय किया जाएगा। इसे लेकर दोनों विभागों के मंत्रियों के बीच सहमति बन गयी है। इन विभागों के विलय के बाद मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य योजनाओं के संबंध में निर्णय लेना आसान हो जाएगा।

मध्य प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अलग-अलग विभाग होने के कारण विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। दोनों विभाग आम जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं पर काम करते हैं। लेकिन चिकित्सा शिक्षा विभाग चिकित्सा शिक्षा पर काम करता है और स्वास्थ्य विभाग सिर्फ राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं पर काम करता है।

राज्य भर के मेडिकल कॉलेज चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आते हैं और चिकित्सा शिक्षा विभाग के जूनियर डॉक्टर और विशेषज्ञ डॉक्टर इन कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में काम करते हैं। नीतिगत मुद्दों पर दोनों विभागों के अलग होने से कई समस्याएं पैदा हो रही थीं। इसे दूर करने के लिए अब दोनों विभागों का मर्जर किया जा रहा है। नये विभाग का नाम लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग होगा।