कैबिनेट मंत्री श्री तुलसी सिलावट ने इंदौर के कैलोदहाला में रेल दुर्घटना में मृत बालिकाओं के मामले को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। मंत्री सिलावट ने मृतक बालिकाओं के परिवारजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। 

उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री से दोनों मृत छात्राओं के परिजनों को 10-10 लाख रूपये की विशेष आर्थिक सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री श्री वैष्णव इस बात से भी अवगत कराया कि हादसे में मृत छात्रा राधिका पिता श्री दिनेश भास्कर एवं छात्रा बबली पिता श्री पन्नालाल मासरे अत्यंत गरीब परिवार से हैं। उनकी आर्थिक स्थित अच्छी नहीं है। 

साथ ही मंत्री श्री सिलावट ने केंद्रीय मंत्री से इस बात का भी अनुरोध किया है, कि कैलोदहाला (मांगलिया) स्थित घटना स्थल पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों का नवनिर्मित रेलवे ट्रक से आवागमन होता है। अतः घटना स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे ट्रेक के दोनों ओर बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कराये जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटना की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने केंद्रीय मंत्री वैष्णव का उक्त प्रकरण में त्वरित जांच के आदेश दिए जाने पर आभार भी प्रकट किया।

गौरतलब है कि इंदौर-उज्जैन दोहरीकरण रेलवे ट्रेक के ट्रायल के दौरान 28 दिसम्बर को इंदौर के कैलोदहाला में रेलवे ट्रेक पर हुए भयावह हादसे में दो छात्राओं की मृत्यु हो गई थी।  घटना के तुरंत बाद कैबिनेट मंत्री सिलावट की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने रतलाम के डीआरएम को तुरंत ही जांच के निर्देश दिए थे। 

मंत्री सिलावट ने दोनों मृत बालिकाओं के निवास पहुंचकर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों से भी मुलाकात की थी। इस दौरान मंत्री सिलावट ने मृत बालिकाओं के चार भाई-बहनों की शिक्षा का खर्च स्वयं वहन करने का आश्वासन दिया साथ ही बताया कि राज्य सरकार द्वारा दोनों बालिकाओं के परिवारजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई जा रही है। शासन द्वारा तत्कालिक राहत के रूप में एक-एक लाख रूपये की राशि प्रदान की गई।