मध्यप्रदेश में वोटिंग की तारीख पास आती जा रही है। इसी के साथ प्रदेश में कई बड़े राष्ट्रीय नेताओं के दौरे भी लगातार जारी हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले एक सप्ताह में चौथी बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। बुधवार 8 नवंबर को पीएम मोदी तीन जिलों दमोह, गुना और मुरैना में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

इससे पहले मोदी ने 4 नवंबर को रतलाम, 5 नवंबर को सिवनी मालवा और 7 नवंबर को सीधी में चुनावी रैलियां की थीं। पीएम मोदी सुबह 11 बजे दमोह के इमलाई गांव में सभा स्थल पहुंचेंगे। करीब 40 मिनट तक सभा को संबोधित करेंगे। यहां 45 एकड़ जमीन में 2 लाख 40 हजार वर्गफीट में डोम बनाया गया है।

पीएम मोदी के साथ मंच पर दमोह जिले की चार विधानसभा सीटों दमोह, हटा, पथरिया और तेंदूखेड़ा के अलावा सागर संभाग की रहली, देवरी, बंडा और पवई विधानसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशी मौजूद रहेंगे।

पीएम नरेंद्र मोदी दोपहर 1:30 बजे गुना दशहरा मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यहां तीन जिलों अशोकनगर, गुना और शिवपुरी के 10 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी भाग लेंगे। गुना में पीएम मोदी के साथ उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे। गुना में कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 1200-1300 पुलिस बल तैनात किया गया है।