कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज यहां बड़ा गणपति चौराहे से शुरू हुई और उज्जैन की सीमा में प्रवेश कर रही है। इससे पहले जब यात्रा शुरू हुई तो इंदौर के मॉडर्न चौराहे के पास यात्रा में दो युवकों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए, इसे लेकर यात्रा मे शामिल लोग ठिठक गए, तब राहुल गांधी भी रुके और कहा बुलाओ उन्हें जब कांग्रेस नेता उनकी तरफ बढ़े तो दोनों युवक भाग निकले। इसके बाद यात्रा फिर चल पड़ी और बड़ी गणपति से जिंसी चौराहा होते हुए बाणगंगा से कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के फॉर्म हाउस पर लंच ब्रेक के लिए रुकी। रविवार को भारत जोड़ो यात्रा महू ऊ के रास्ते इंदौर पहुंची थी। अब सोमवार को यात्रा सांवेर में नाइट स्टे करेगी।
मप्र कांग्रेस खरीदे लोगों पर भरोसा न करे: राहुल
राहुल ने मीडिया से चर्चा में मप्र के बागियों के सवाल पर कहा कि जो लोग पैसों से खरीदे गए हैं, उन पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए । यही मेरी हाईकमान व मप्र की लीडरशिप से अपेक्षा है। उन्होंने यात्रा से होने वाले फायदे व मजबूत विपक्ष के सवाल पर कहा कि मुझे इससे कुछ न मिले तो भी शिकायत नहीं है। यात्रा देश में फैलाये जा रहे डर व हिंसा के खिलाफ है तथा ऐसा सिर्फ मैं नहीं, भाजपा के लोग भी सोचते हैं। राहुल ने कहा कि आज सुबह एक आरएसएस के व्यक्ति ने यात्रा के दौरान मेरा स्वागत किया।
गुजरात में मोदी शाह की कई सभाएं रोड शो
गुजरात विधानसभा चुनाव में धुआंधार प्रचार का दौर चल रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह आज 4-4 जनसभाएं कर रहे हैं। मोदी कच्छ के अंजार, जामनगर के गोरधनपुर, भावनगर के पलिताणा और राजकोट में रैलियों को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद और बड़ोदरा सहित चार जगहों पर चुनावी प्रचार करेंगे। वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी आज सूरत में रोड शो करेंगे अमित शाह की पहली रैली मेहसाणा जिले की खेरालू विधानसभा में सुबह हुई। दूसरी रैली वडोदरा विधानसभा में और फिर भिलोड व अहमदाबाद के नारनपुर विधानसभा में रात 8.30 बजे है।
सूरत में किया 30 किलोमीटर का रोड शोः मोदी ने कल रात गुजरात के सूरत में विशाल रोड शो किया। सूरत एयरपोर्ट से अब्रामा ग्राउंड तक करीब 30 किमी लंबे रोड शो के दौरान हजारों लोग सड़क के दोनों ओर जमा थे। मोदी ने कहा कि गुजरात की नई पीढ़ी ने अहमदाबाद और सूरत के सीरियल बम धमाके नहीं देखे हैं। मैं उन्हें उन लोगों से सावधान करना चाहता हूं, जो आतंकवादियों के लिए अच्छा सोचते हैं।