अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अब हर कोई रामलला के दर्शनों के लिए उत्सुक है। देशभर से राम भक्त भगवान के दर्शन के लिए आ रहे हैं, ऐसे में दर्शन की व्यवस्था में दिक्कत आ रही है, जिसे देखते हुए यूपी की योगी सरकार ने वीआईपी को अयोध्या आने से पहले सूचना देने को कहा है। बीजेपी शासित राज्यों की कैबिनेट के अयोध्या पहुंचने का शेड्यूल भी तैयार कर लिया गया है।
अयोध्या में रामलला के दर्शन की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन का समय बढ़ा दिया है। अब भक्तों को रात 10 बजे तक रामलला के दर्शन कराए जा रहे हैं, पहले यह समय शाम 7 बजे तक ही था, लेकिन अब समय में बदलाव करके रात 10 बजे तक का कर दिया गया है। सुबह 7.30 बजे से रामलला के दर्शन किए जा सकेंगे।
अयोध्या में वीआईपी लोगों के जाने से व्यवस्था में कोई व्यवधान नहीं आना चाहिए। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट को संदेश भेजा है कि भीड़ को देखते हुए वे फरवरी महीने में रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने से बचें, ताकि आम श्रद्धालुओं को प्रोटोकॉल के कारण दिक्कतों का सामना न करना पड़े। सभी मंत्री मार्च माह में दौरा करें।
व्यवस्था को देखते हुए बीजेपी शासित राज्यों की कैबिनेट के लिए रामलला के दर्शन के लिए अलग-अलग तारीखें तय की गई हैं। सबसे पहले 31 जनवरी को त्रिपुरा कैबिनेट, 1 फरवरी को उत्तर प्रदेश कैबिनेट, 2 फरवरी को उत्तराखंड कैबिनेट, 5 फरवरी को महाराष्ट्र कैबिनेट, 6 फरवरी को अरुणाचल कैबिनेट, 9 फरवरी को हरियाणा कैबिनेट, 12 फरवरी को राजस्थान कैबिनेट, 12 फरवरी को गोवा कैबिनेट 15 फरवरी को असम कैबिनेट, 22 फरवरी को गुजरात कैबिनेट और 24 फरवरी को मध्य प्रदेश कैबिनेट की जिम्मेदारी 4 मार्च को दी गई है।