मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद एक ओर मोहन यादव प्रदेश में पूरी तरह से एक्शन में नज़र आ रहे हैं वहीं दूसरी ओर कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह कहा जा रहा है कि उन्हें नेशनल लेवल के एक चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा है। यही नहीं उन्हें इस चुनाव में केवल पांच वोट ही मिले हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ मोहन यादव भारतीय कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में बुरी तरह से हार गए हैं। भारतीय कुश्ती संघ के चार उपाध्यक्ष चुने जाने थे। मोहन यादव ने इसके लिए पर्चा भरा था। इसके बाद मोहन यादव केवल पांच वोट पाकर चुनाव हार गए।
हालांकि मध्यप्रदेश जनसंपर्क ने इस खबर को भ्रामक बताया है। साथ ही यह भी बताया है कि डॉ. मोहन यादव द्वारा भारतीय कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष पद के लिए कोई चुनाव नहीं लड़ा गया।
इस पद पर पश्चिम बंगाल के असीत कुमार साहा, पंजाब के करतार सिंह, मणिपुर के एन फोने और दिल्ली के जयप्रकाश उपाध्यक्ष चुने गए हैं। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव वर्तमान में मध्य प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भारतीय कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष रहे हैं। चुनाव में भारतीय कुश्ती संघ का अध्यक्ष संजय सिंह को चुना गया है। वे पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के करीबी माने जाते हैं।