मध्यप्रदेश को लंबे मंथन के बाद आखिरकार सोमवार को नया मुख्यमंत्री मिल गया। एक चौंकाने वाले घटनाक्रम के तहत शिवराज की विदाई के साथ ही उनकी ही सरकार के मंत्री रहे मोहन यादव को प्रदेश की कमान मिल गई।
मोहन यादव के साथ ही प्रदेश के इतिहास में पहली बार दो उपमुख्यमंत्री बनाए गए। जगदीश देवडा और राजेंद्र शुक्ला को ये दायित्व मिला। वहीं नरेंद्र सिंह तोमर अब विधानसभा अध्यक्ष होंगे।
मुख्यमंत्री नियुक्त होने के बाद मोहन यादव की पत्नी सीमा यादव ने कहा कि मेहनत का फल अच्छा होता है। आज उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। भगवान महाकाल ने मेहनत का फल दिया है।
वहीं मुख्यमंत्री के रूप में अपने नाम के ऐलान के बाद मोहन यादव ने कहा कि मैं पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं। प्यार और सहयोग के लिए पार्टी की स्टेट लीडरशिप और केंद्रीय लीडरशिप का बहुत बहुत धन्यवाद। मैं अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह से निभाऊंगा।
विधायक दल की बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री रहे प्रहलाद पटेल, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और जैसे कुछ नामों को लेकर दिनभर अटकलों का दौर चलता रहा लेकिन ये ये सभी नाम खाली हाथ ही रह गए।
इससे पहले विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोहन यादव के नाम का प्रस्ताव रखा जिसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया गया। इसके साथ ही शिवराज सिंह की विदाई भी तय हो गई।