मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का बुधवार 7 फरवरी को पहला दिन है। एमपी के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा अंतरिम बजट पेश करने जा रहे हैं। अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव के कारण सरकार अंतरिम बजट ला रही है। पूर्ण बजट जुलाई में मानसून सत्र के दौरान पेश किया जाएगा। सत्र की शुरुआत राज्यपाल मंगूभाई पटेल के अभिभाषण से होगी। इसके बाद अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव लाया जाएगा।

हरदा में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट को लेकर विपक्षी विधायक सत्ता पक्ष को घेर सकते हैं। सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का बयान सामने आया है। उनका कहना है, कि जनता से जुड़े सभी मुद्दे कांग्रेस विधानसभा में उठाएगी। मुख्यमंत्री जी कहते हैं हमारा संकल्पत्र गीता के समान हैं। लेकिन उस वचन पत्र को पूरा नहीं करना चाहते। हम सत्र में उन्हें उनके वचन याद दिलवाएंगे। हरदा में जो घटना हुई वह दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा नेताओं के आश्रय में अवैध फैक्ट्री संचालन होने का लगाया आरोप है। जब कलेक्टर ने  फैक्ट्री की परमिशन रद्द की थी तो कमिश्नर ने कैसे स्टे लगाया। सब कुछ सरकार के आंख के नीचे हो रहा था।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हरदा हादसे को बताया शासन प्रशासन की लापरवाही बताया है। साथ ही विधानसभा में हरदा मामले को उठाने की बात भी कही है। यूसीसी बिल को लेकर कहा कि पहले बिल तो लेकर आएं।

आपको बता दें, बजट सत्र से पहले मंगलवार को पीसीसी में कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई। बैठक में पूर्व सीएम कमल नाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और कांग्रेस विधायक शामिल हुए। हरदा हादसे के बाद कांग्रेस विधायक दल का रात्रि भोज रद्द कर दिया गया। विधायकों की बैठक में सरकार को घेरने वाले मुद्दों पर चर्चा हुई।

बजट सत्र के लिए विधायकों ने 2303 प्रश्न पूछे हैं। इनमें से 1163 तारांकित और 1140 अतारांकित श्रेणी में शामिल हैं। ये प्रश्न सरकारी योजनाओं और अन्य गतिविधियों के बारे में पूछे जाते हैं। 

9 दिनों के अंदर सदन में चार स्थगन प्रस्ताव और 233 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाए जाएंगे। विधायकों ने इसकी जानकारी विधानसभा सचिवालय को भेज दी है। इसमें 12 गैर सरकारी संकल्प भी लाये जायेंगे। शून्यकाल के दौरान पढ़ने के लिए जानकारी के 58 सुझाव हैं। इसके साथ ही 11 नोटिफिकेशन पढ़े जाएंगे। नियम 130 के तहत सदन में कोई जानकारी नहीं आयी। इसमें जनहित के मुद्दों पर चर्चा का प्रावधान है।