मध्यप्रदेश में 16वीं विधानसभा का पहला सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू हो गया है। वंदे मातरम गायन के साथ विधानसभा की कार्यवाही प्रारंभ हुई और प्रोटेम स्पीकर गोपाल भार्गव ने सोलहवी विधानसभा के सभी सदस्यों का स्वागत कर शपथ दिलाई।
सबसे पहले मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उन्होंने हिंदी में शपथ ली। इसके बाद उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल , उमंग सिंगार जगदीश देवड़ा,राजेंद्र शुक्ला, शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, अजय सिंह, जयंत मलैया, करणसिंह वर्मा, प्रहलाद पटेल, अर्चना चिटनिस, राजेंद्र पांडे, डॉक्टर राजेंद्र कुमार सिंह, झूमा सोलंकी, बाबू जंडेल, रामनिवास रावत ने शपथ ली।
अध्यक्ष गोपाल भार्गव ने विधानसभा में प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से उमंग सिंगार को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया। सीएम मोहन यादव ने उमंग सिंगार सहित सभी सदस्यों के सुखद भविष्य की कामना की और नेता प्रतिपक्ष से सरकार को सकारात्मक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने कहा कि मैं विश्वास दिलाता हूं कि विपक्ष में सार्थक भूमिका निभाऊंगा और जनता की आवाज के रूप में विपक्ष जाना जाएगा।
चार दिवसीय सत्र के लिए नवनिर्वाचित विधायकों का विधानसभा पहुंचना शुरू हो गया था। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने इस सत्र से गैर हाज़िर रहने की अनुमति चाही है। सत्र 18 दिसंबर (सोमवार) से 21 दिसंबर (गुरुवार) तक चलेगा।
विधानसभा की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। सदन की सुरक्षा में 1 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इधर लोकसभा की घटना को देखते हुए सत्र के दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष सख्ती बरती जा रही है। विधायक सिर्फ एक ही गेस्ट पास जारी कर पाएंगे।
विधानसभा में बनाई गई बैठक व्यवस्था में पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान अब चौथे नंबर पर बैठेंगे। सबसे पहले नंबर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैठेंगे। दूसरे नंबर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उसके बाद तीसरे नंबर पर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल बैठेंगे।