मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। उम्मीदवार दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। ऐसे में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेता अपना नामांकन जमा करेंगे। वहीं इंदौर में आज भाजपा और कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन होगा।

नामांकन के आख़िरी दिन आज 30 अक्टूबर को इंदौर में सियासी पारा हाई रहेगा यहां एक तरफ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे, तो दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी रैली करेंगे।

मध्यप्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देर रात  इंदौर पहुँच चुके हैं। इंदौर में वे ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में ठहरे हैं। यहां कुछ वरिष्ठ भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात का कार्यक्रम भी है।

शाह सोमवार सुबह 11.30 बजे संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक लेने वाले थे, लेकिन अब वे बैठक नहीं लेंगे और दोपहर में ग्वालियर रवाना हो जाएंगे। इससे पहले शाह ने रविवार देर रात उज्जैन में सभा को संबोधित किया था।

दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ इंदौर में इंदौर कलेक्ट्रेट के पास जनसभा को संबोधित करेंगे। वे इंदौर में प्रत्याशियों के नामांकन में भी शामिल होंगे। दोनों ही पार्टी के उम्मीदवारों के 31अक्टूबर को नामांकनों की जांच होगी। प्रत्याशी 2 नवंबर तक अपना नाम विधानसभा चुनाव से वापस ले सकेंगे।