प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को एक बार फिर मध्यप्रदेश चुनाव में हुंकार भरते नज़र आएंगे। वे तीन जिलों सतना, छतरपुर और नीमच में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पिछले एक सप्ताह में यह उनका पांचवां MP दौरा है।
पीएम मोदी के प्रदेश में धुंआधार प्रचार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे पिछले एक पखवाड़े में ही दूसरी बार सतना आ रहे हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी खजुराहो के रास्ते सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर सतना पहुंचेंगे। वे 11 बजे सभास्थल आएंगे।
इसके बाद मोदी की छतरपुर में दोपहर 12.30 बजे सभा है। यहां से वे नीमच जाएंगे। यहां करीब 4 बजे जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमोह जिले में जनसभा को सम्बोधित किया था।
यहाँ पीएम मोदी ने कहा था कि 2014 से पहले देश ने 10 साल तक कांग्रेस को मौका दिया था. लेकिन किसी को पता ही नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं, क्योंकि सब रिमोट से चल रहा था. आज भी कांग्रेस की रिमोट की आदत नहीं जा रही है, उस समय प्रधानमंत्री रिमोट से चलते थे, इन दिनों कांग्रेस के अध्यक्ष रिमोट से चल रहे हैं।