मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की बहुप्रतीक्षित सूची कल सुबह जारी कर सकती है। जबकि कल शाम भाजपा की पांचवीं सूची के भी आसार हैं। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने अब तक करीब डेढ़ सौ नामों पर चर्चा करके सहमति बना ली है। पहली सूची में सौ से ज्यादा नामों की संभावना है और दूसरी सूची 17 अक्टूबर को आ सकती है।

सूत्र बताते हैं कि दिल्ली में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति और फिर स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई> इसमें मप्र के सभी नेताओं ने साठ नामों पर सहमति बना ली है। आज दोपहर को फिर बैठक हो रही है जिसमें स्क्रीनिंग कमेटी को करीब साठ और सीटों पर सहमति बनाना है। कांग्रेस के करीब आधा दर्जन विधायकों के टिकट पर खतरा मंडराया है, इनका फैसला अंतिम सूची में किया जा सकता है। 

सूत्रों की मानें तो पार्टी ने बीते एक सप्ताह में बुंदेलखंड, मालवा और महाकोशल के दो दर्जन विस क्षेत्रों में 'रेंडम सर्वे कराया है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर ही दूसरी सूची के नाम हाइकमान तय करेगा। बताया जाता है कि कुछ नामों पर एकराय नहीं बनी तो उनके टिकट का फैसला नामांकन भरने की अवधि तक भी खिंच सकता है।

कमलनाथ के संपर्क में केदारनाथ

जानकार सूत्रों का कहना है कि सीधी से भाजपा के सीनियर विधायक केदारनाथ शुक्ला अब कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के संपर्क में हैं। शुक्ल अपना टिकट कटने से नाराज हैं और महापंचायत तक कर चुके हैं। हालांकि शुक्ल को लेकर कांग्रेस भी पेशोपेश में है। दोनों ही पक्षों के बीच अभी कोई अंतिम सहमति नहीं बनी है।

आध्यात्मिक यात्रा के बाद शक्तिसाधना करेंगे शिवराज

उधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह उत्तराखंड की अपनी आध्यत्मिक यात्रा के बाद से भोपाल में अपने निवास पर ही हैं, सूत्रों का कहना है कि वे चुनाव को लेकर रणनीतियों और नेताओं के साथ मुलाकातें कर रहे हैं। नवरात्रि पर शक्तिपर्व की शुरूआत के दिन वे किसी देवी पीठ पर जा सकते हैं। बताया जाता है कि देर शाम वे भोपाल में किसी चुनाव क्षेत्र में भी पहुंच सकते हैं। अब तक वे भोपाल उत्तर, हुजूर और गोविंदपुरा क्षेत्र में चुनाव सभा व रोडशो कर चुके हैं।

भाजपा सूची में होंगे पचास से ज्यादा नाम

इधर भाजपा की पांचवी उम्मीदवार सूची कल शाम तक आने के आसार बन रहे हैं। इससे पहले आज एक महत्वपूर्ण बैठक हो रही है, जिसमें उम्मीदवारों के संबंध में विचारहोगा। जानकार सूत्रों का कहना है कि भाजपा कुछ क्षेत्रों में कांग्रेस के ऐलान का भी इंतजार कर रही है, इसके बाद वह अपने सभी बाकी उम्मीदवारों के भी नाम सामने लाएगी। भाजपा को अभी 93 नामों पर फैसला करना है। माना जाता है कि अधिकांश क्षेत्रों में वह उम्मीदवारों को लेकर 'अंतिम फैसला' कर चुकी है, कुछ प्रायोगिक "नामों को लेकर वह कांग्रेस की पहली सूची की प्रतीक्षा में है।