कांग्रेस ने अपनी आर्थिक हालात को सुधारने के लिए 18 दिसंबर को 'डोनेट फॉर देश' नाम से क्राउड फंडिंग केंपेन शुरू किया था। मध्य प्रदेश समेत देशभर के कई नेता इस कैंपेन का हिस्सा बने और पार्टी के लिए फंड जुटाने की इस मुहिम में शामिल भी हुए।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी इस कैंपेन का हिस्सा बने लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रदेश के सबसे अमीर सांसद रहे उनके बेटे नकुल कमलनाथ की ओर से इस मुहिम का हिस्सा बनने को लेकर किसी भी तरह की जानकारी सामने नहीं आई है ।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अब इसे लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि जिस पार्टी ने कमल नाथ को सब कुछ दिया। सांसद बनाया, केंद्रीय मंत्री बनाया, मुख्य मंत्री बनाया, बेटे को सांसद बनाया, उन्होंने एक भी रुपया कांग्रेस को चंदा नहीं दिया। नकुल नाथ इस देश के सबसे अमीर सांसद है, उन्होंने भी चंदा देना ठीक नहीं समझा।
जबकि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उनके बेटे और विधायक जयवर्धन सिंह इस मुहिम का हिस्सा बने और Donate for Desh के तहत ₹1,38,000/- कांग्रेस अकाउंट में जमा भी किए। साथ ही उन्होंने देशवासियों से अपील भी की, कि यदि आप भी चाहते हैं देश में भाईचारा शांति बनी रहे, भारतीय संविधान बना रहे ग़रीबों का SCST का किसानों का मज़दूरों का हक़ बना रहे अन्याय व अत्याचार के ख़िलाफ़ कांग्रेस लड़ती रहे तो आप अवश्य सहयोग करें http://donateinc.in पर क्लिक करें और लोकतंत्र बचाने के लिए योगदान दें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी इस अभियान से जुड़ चुके है और दी राशि को सार्वजनिक कर चुके हैं। प्रदेश के कुछ अन्य बड़े नेताओं की भी इस अभियान से जुड़ी डिटेल सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि कांग्रेस के 138 वर्ष पूरे होने पर डोनेट फॉर देश नाम का अभियान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 18 दिसंबर को प्रारंभ किया था। इसके मुहिम के तहत हर कांग्रेस पदाधिकारी को पार्टी को 138 के मल्टीपल के रूप में फंडिंग करनी थी। कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 138 रुपए, 1,380 रुपए, 13,800 रुपए राशि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस के खाते में डालने का अनुरोध किया, ताकि कांग्रेस एक बेहतर भारत के लिए काम कर सके।