मध्यप्रदेश की राजनीति अब फिल्म  शोले के 'जय-वीरू' से आगे निकल कर फिल्म 'मेरे अपने' के श्याम और छेनू तक पहुँच गई हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को प्रदेश की सियासत में 'मेरे अपने' के श्याम और छेनू की एंट्री कराई।

सीएम शिवराज ने नाम लिए बिना पीसीसी चीफ कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता स्वयं को जय और वीरू की जोड़ी बता रहे हैं। ये जय-वीरू की जोड़ी नहीं, फिल्म 'मेरे अपने' के श्याम और छेनू की जोड़ी है, जो अपने-अपने मोहल्ले में कब्जे के लिए लड़ते थे। ये बिकी हुई कांग्रेस कभी प्रदेश का भला नहीं कर सकती है।

दरअसल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बीच राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिल रहा है। आरोप-प्रत्यारोप के इस दौर में अचानक ही प्रदेश की सियासत में शोले फ़िल्म की एंट्री हो गई थी।  जिसके किरदार जय और वीरू को लेकर सियासी चर्चाएं चल पड़ी थीं।

कुछ समय पहले पीसीसी चीफ कमलनाथ के कपड़े फाड़ो बयां के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ उनकी तल्खी की खबरें आ रही थीं। इसके बाद रणदीप सुरजेवाला ने कमलनाथ-दिग्विजय की दोस्ती की तुलना तुलना फिल्म शोले के 'जय-वीरू' से की थी।

कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने कहा था कि दिग्विजय सिंह और कमलनाथ का रिश्ता शोले फिल्म में धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन के रिश्ते जैसा है। न तो फिल्म का गब्बर उनसे लड़ सका और न ही बीजेपी का गब्बर इन दोनों नेताओं को एक-दूसरे से लड़ा सका।