मुंबई के एक इंजीनियर ने सोशल मीडिया पर लॉ ( वकालत ) की छात्रा को झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। शादी का प्रलोभन देकर आरोपी करीब दो साल से दुष्कर्म कर रहा था। बाद में वह अपने वादे से साफ मुकार गया।

शादी से इनकार करने पर पीड़िता युवती ने अशोका गार्डन थाने जाकर आरोपी के खिलाफ बलात्कार का प्रकरण दर्ज कराया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम मुंबई रवाना होने की तैयारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक अशोका गार्डन इलाके में रहने वाली 27 वर्षीय युवती लॉ की छात्रा है। करीब तीन साल पहले सोशल मीडिया पर छात्रा की मुलाकात मुंबई के इंजीनियर विपिन सिंह से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। 

करीब दो साल पहले विपिन सिंह उक्त युवती से मिलने भोपाल उसके घर आया था। उसी दौरान शादी का प्रलोभन देकर आरोपी ने युवती के साथ संबंध स्थापित किए। आरोपी ने झांसा दिया था कि वह जल्द ही उससे शादी कर लेगा। करीब दो साल तक बीच-बीच में आरोपी भोपाल आता रहा। हर बार उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। पिछले दिनों युवती ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो वह साफ मुकर गया।