ग्वालियर के मुरार छावनी इलाके के एक भाजपा पार्षद की उसके ही साथियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की है। इसके बाद घटना से आक्रोशित लोग मुरार थाने पहुंचे और जमकर हंगामा किया। पुलिस का दावा है कि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मृतक छावनी इलाके का पार्षद था और राज्य के मंत्री भरत सिंह कुशवाहा का काफी करीबी बताया जा रहा है।

पार्षद एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उसका अपने दोस्तों से झगड़ा हो गया और उसके दोस्तों ने उसकी पिटाई कर दी। मृतक के परिजनों ने पार्षद के पांच दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। इनमें से एक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिजनों ने चक्काजाम किया है, उनकी मांग है कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर चला दिया जाए।

पुलिस ने बताया कि भाजपा पार्षद शैलेंद्र उर्फ शैलू कुशवाहा की बीती रात जन्मदिन की पार्टी में शराब पीने के बाद पार्टी में शामिल भूरा तोमर, धर्मेंद्र पाल, विक्की कौशल, विनीत राजावत समेत पांच लोगों से उनकी कहासुनी हो गई, जिसके बाद पार्षद शैलेंद्र उर्फ शैलू को इन लोगों ने लाठी-डंडों पीटना शुरू कर दिया। वे उन्हें तब तक पीटते रहे जब तक कि वे लहूलुहान होकर जमीन पर नहीं गिर पड़े। 

इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार की सुबह परिजनों ने मुरार क्षेत्र में चक्काजाम किया। परिजनों का कहना है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए। पुलिस ने पांचों आरोपियों में विक्की कौशल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक पार्षद शैलू कुशवाहा की पत्नी राधा कुशवाहा ने कहा कि शादी की सालगिरह के मौके पर वो शाम को घर आया। फिर करीब 10:00 बजे वह घर पर बच्चों के लिए खाना लेकर आया। फिर अपने दोस्त राजेश शर्मा के साथ गया, कहा कि वह कुछ मिनटों के बाद आ जाएगा। एक माह पहले पार्षद का भूरा तोमर नाम के युवक से झगड़ा हो गया था। दो दिन पहले ही दोनों की फिर से बातचीत शुरु हुई थी। 

इसी रंजिश के चलते सभी ने योजना बनाकर उसे मार डाला। पत्नी ने भूरा तोमर और उसकी गैंग पर हत्या का आरोप लगाया है। इलाके के ASP  ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।