भोपाल: राज्य के संस्कृति विभाग ने शासकीय ललित कला एवं संगीत महाविद्यालयों में तृतीय वर्ग के पदों की भर्ती के लिये नये नियम जारी कर दिये हैं। इससे पहले 23 साल पहले ये नियम बनाये गये थे जिन्हें अब निरस्त कर दिया गया है और नये नियम बनाकर उन्हें लागू किया गया है।
शासकीय संगीत महाविद्यालयों के अंतर्गत सहायक ग्रेड-1 के 7, ग्रेड-2 के 7 एवं ग्रेड-3 के 7, सहायक व्याख्याता के 81 एवं संगतकार के 31 पद, मैहर बैंड क 20 पद, कनिष्ठ संगीतकार के 6 पद और सहायक संगीतकार के 6 पद स्वीकृत किये गये हैं। जबकि शासकीय ललित कला महाविद्यालयों के अंतर्गत सहायक ग्रेड-1 के 3, लेखापाल के 3, कैशियर के 2, स्टोरकीपर के 3, सहायक ग्रेड-2 के 3 पद, ग्रंथपाल के 3 पद, सहायक व्याख्याता ललित कला के 6 पद, अनुदेशक के 10 पद, स्टुडियो सहायक के 11 पद एवं कुशल सहायक के 2 पद स्वीकृत किये गये हैं।
इन सभी पदों में अनुसूचित जाति हेतु 16, अनुसूचित जनजाति हेतु 20, ओबीसी हेतु 27 एवं ईडब्ल्युएस अभ्यर्थी हेतु 10 प्रतिशत का आरक्षण दिया गया है। चयनित व्यक्ति को तीन साल की परिवीक्षा अवधि हेतु नियुक्त किया जायेगा जिसमें पहले साल न्यूनतम वेतनमान का 70 प्रतिशत, द्वितीय वर्ष 80 प्रतिशत एवं तृतीय वर्ष 90 प्रतिशत स्टायपेंड के रुप में प्रति माह भुगतान किया जायेगा। परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर निर्धारित वेतनमान में वेतन दिया जायेगा।