हाल ही में प्रियंका गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत पूरे सिंधिया परिवार पर निशाना साधा था। प्रियंका को उनके इस बयान के लिए जमकर विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अब प्रियंका गांधी की उनके इस बयान के लिए आलोचना की है।

सीएम शिवराज ने अपने X हैंडल पर लिखा है, मध्यप्रदेश और जनता की सेवा के लिए जीवन पर्यंत समर्पित रहे माननीय माधवराव सिंधिया जी जैसे व्यक्तित्व के लिए आपने जिन शब्दों का प्रयोग किया, वह न केवल जनभावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि हृदय को तार-तार कर देने वाला भी है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आगे लिखा कि राजनीतिक लाभ के लिए व्यक्तिगत आक्षेप अत्यंत अशोभनीय और निंदनीय है। प्रियंका जी, मध्यप्रदेश और देश आपकी अभद्र व असहनीय टिप्पणी एवं अहंकार से भरे शब्दों के लिए कभी माफ नहीं करेगा।

आपको बता दें, कि हाल ही में एमपी के दतिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा था कि इनके (बीजेपी) सारे नेता बड़े विचित्र टाइप के नेता हैं। सिंधिया जिनके साथ मैंने यूपी में काम किया था। वह कद में थोड़े छोटे पड़ गए, लेकिन अहंकार में वाह, भई वाह!

इस दौरान प्रियंका ने उन पर लोगों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया और कहा कि वैसे सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। विश्वासघात तो बहुत से लोगों ने किया है, लेकिन ग्वालियर और चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया है। लोगों की पीठ पर छुरा घोंपा और जनता की बनाई सरकार को गिरा दिया।