MP News: अब दिल्ली में भी होगा CM यादव का ठिकाना, 14 अशोक रोड पर बंगला आवंटित


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दिल्ली के 14 अशोक रोड पर बंगला आवंटित किया गया है..!!

MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का देश की राजधानी नई दिल्ली में एक और ठिकाना होगा। दिल्ली में 14 अशोक रोड स्थित एक बंगला सीएम यादव के नाम पर आवंटित किया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी कई वर्षों तक इस बंगले में रहीं। उन्होंने हाल ही में यह मकान खाली किया था। अब तक मुख्यमंत्री दिल्ली दौरे के दौरान मध्य प्रदेश भवन में रुकते थे। ऐसे में अब उनके पास दिल्ली में रहने के लिए दो जगहें हो गई हैं।

हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी इसका निरीक्षण किया था। इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश के अधिकारियों का दल भी मौजूद था। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली में यह आवास इसलिए लिया है ताकि उनके दौरे को लेकर गोपनीयता बनी रहे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आवास को अपनी आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करने के निर्देश भी दिए। हालांकि, इस बंगले को पूरी तरह तैयार होने में करीब तीन से चार महीने का समय लगेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री शुभ मुहूर्त देखकर दिल्ली स्थित अपने नए घर में प्रवेश करेंगे। फिलहाल दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री चाणक्यपुरी स्थित नए मध्य प्रदेश भवन में ठहरते हैं।

सूत्रों का कहना है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को 14 अशोक रोड स्थित बंगले में 27 कुत्ते और उनकी देखभाल करने वाले लोग रहते हैं। वहीं बंगले में मरम्मत और रंग-रोगन समेत कई काम होने बाकी हैं। इसलिए इसे तैयार होने में कुछ समय लग सकता है। 

बंगले में कुछ व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि सीएम डॉ. मोहन यादव दिल्ली प्रवास के दौरान कार्यालय कार्य के साथ-साथ रात्रि विश्राम भी कर सकते हैं। इसके अलावा बंगले में सभी सुविधाओं का इंतजाम किया जा रहा है ताकि उनका परिवार भी वहां रह सके। 

सीएम डॉ. मोहन यादव को जेड प्लस सुरक्षा मिली है। इसलिए यह बंगला सुरक्षा की दृष्टि से उपयुक्त है। सभी मंत्रालय और संसद भवन इसी बंगले के आसपास स्थित हैं। हवाई अड्डा भी इस घर से 13 किमी दूर है। जबकि नया मध्य प्रदेश भवन भी 6 किमी दूर है। इसी समय, डॉ. मोहन यादव के पड़ोसी तेलंगाना भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार होंगे।