मध्यप्रदेश में जैसे-जैसे वोटिंग की तारीख पास आती जा रही है। नेताओं की ज़बान और भी तल्ख़ होती जा रही है। नेता बिना किसी रिश्ते-नाते की परवाह के एक-दूसरे पर तंज कसने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताज़ा मामला सांवेर विधानसभा से जुड़ा हुआ है।

यहाँ सत्ता की होड़ में एक भांजे ने अपने मामा को ही कंस बता दिया। हुआ यूं कि सांवेर में कांग्रेस की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस नेता ओम सिलावट ने भाजपा उम्मीदवार तुलसीराम सिलावट को कंस कह कर संबोधित किया। ओम सिलावट पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट की सगी बहन के सुपुत्र हैं।

कांग्रेस नेता ओम सिलावट के बोल इतने बिगड़े नज़र आए कि उन्होंने रिश्ते का लिहाज़ तक छोड़ दिया। अपने भाषण में  ओम सिलावट ने कहा, सांवेर की जनता को धोखा दे रहे हैं तुलसी सिलावट,  ऐसे भ्रष्टाचारी कंस का कंस का अंत 17 तारीख को सांवेर की जनता करने जा रही है। 

ओम सिलावट ने आगे कहा कि तुलसी सिलावट ने कमल नाथ जी की सरकार गिराकर पीठ में छुरा घोंपा, जो सरकार 5 साल चलने वाली थी उसको धोखा देकर अपनी मां को बेचकर दूसरी मां के घर गया। अब अपना मौका आया है यह मौका छोड़ना नहीं है। सांवेर की जनता से निवेदन करना चाहता हूं यह मौका आपको 17 तारीख को मिलने जा रहा है। इस कंस को जड़ से उखाड़ कर उसको घर की रवानगी देनी  है।