मध्य प्रदेश में नया सिस्टम बनने से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी 30 नवंबर गुरुवार को सुबह-सुबह जोरदार बारिश हुई। राजधानी भोपाल में बारिश और ठंड का कहर जारी है। शहर कोहरे में डूबा हुआ है। जिसके कारण विजिबिलिटी घटकर मात्र 1200 मीटर रह गई है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दिन का तापमान 23.7 डिग्री रहा, जो एक दिन में दो डिग्री कम है। बादल छाए रहने से रात का तापमान एक डिग्री बढ़ोतरी के साथ 17.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। पिछले 24 घंटे में 5 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की भी संभावना है।
इतना ही नहीं प्रदेश में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी संभव है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 दिसंबर को भी मौसम का मौजूदा मिजाज ऐसा ही रहेगा। इसके बाद स्थिति सामान्य हो जायेगी। कहा जा रहा है, कि बादल छंटने के बाद ठंड बढ़ेगी।
भोपाल, उज्जैन एवं सागर संभाग के जिलों में छिटपुट स्थानों पर वर्षा दर्ज की गयी। टीकमगढ़ जिले में सबसे अधिक तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। सभी संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। राजगढ़ जिले में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने शहडोल, जबलपुर संभाग के साथ ही रायसेन, सीहोर, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, देवास, सतना, पन्ना और नर्मदापुरम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों सहित नर्मदापुरम, बैतूल और हरदा जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।
भोपाल, इंदौर संभाग के साथ ही रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, चिरी, सिंगरौली, रीवा, सतना, पन्ना, दमोह, सागर और छतरपुर जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में कोहरा छाया रह सकता है।