नए साल के पहले दिन देश की जनता संकल्पित होती हैं अपने कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति मगर भाजपा सरकारें सिर्फ़ वोट लेकर अपने दायित्वों और कर्तव्यों की इतिश्री कर लेती हैं, नए साल के पहले दिन भाजपा सरकारों की मनमानियों की वजह से मध्यप्रदेश सहित देश भर में अराजकता की स्थिति निर्मित हो रही हैं पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीज़ल टेंकरों से नहीं पहुंच पा रहा हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ट्रक ड्राइवरों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की हड़ताल को लेकर सरकार को घेरते हुए यह बात कही है। जीतू पटवारी ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि नए साल के पहले दिन समूचे मध्यप्रदेश में हजारों लोग न सिर्फ़ पेट्रोल डीज़ल भरवाने के लिए मारे मारे भटकते रहे, बल्कि लाखों लोग परिवहन के अभाव में सड़कों पर दरबदर की ठोकरे खाने को मजबूर थे।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अगर यहीं स्थिति निर्मित रही तो परिवहन के अभाव में फल, सब्जी, दूध सहित आवश्यक वस्तुओं का गंभीर अभाव उत्पन्न हो जाएगा। इतना ही नही लोगों की एक राज्य से दूसरे राज्य या एक जिले से दूसरे जिले जाना दुश्वार हो जाएगा। यही हाल रहा तो मरीजों के लिए एम्बुलेंस तक नहीं चल पाएंगे।

जीतू पटवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार को निर्मित हो रही इन परिस्थितियों की जानकारी पहले से थी, मगर मुख्यमंत्री सहित सभी कैबिनेट मंत्री तथा पूरी सरकार के नये साल की जश्न की खुमारी उतरने का नाम ही नहीं ले रही थी, उन्होंने जनता की इस परेशानी का कोई संज्ञान नहीं लिया। हम प्रदेश की भाजपा सरकार से अनुरोध करते हैं कि वह जन सरोकारों के मुद्दें का तुरंत संज्ञान ले और न्यायोचित निराकरण शीघ्र निकाले।

जीतू पटवारी ने कहा कि वर्तमान में हो रहे विरोध से एक बात साफ हो गई है कि मोदी सरकार ने कानून बनाने के वक्त जनता और विपक्षी दलों से व्यापक विमर्श नहीं किया। न ही प्रदेश की भाजपा सरकार ने पहले से कोई तैयारी की जिसका खामियाजा आज जनता को भुगतना पड़ रहा है।