इंदौर में हुकुमचंद मिल मजदूरों की 30 साल से अटकी राशि 25 दिसंबर को सीधे उनके खाते में मिलेगी। भारतरत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस 25 दिसंबर को आयोजित 'हुकुमचंद मिल के श्रमिकों को हितलाभ वितरण' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली जुड़ेंगे।
कार्यक्रम इंदौर के कनकेश्वर धाम में आयोजित किया जाएगा। हुकुमचंद मिल के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को मंत्रालय में अधिकारियों की बैठक भी ली। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी न सिर्फ वर्चुअली जुड़ेंगे बल्कि मज़दूरों से संवाद भी करेंगे।
बैठक में CM मोहन यादव ने इंदौर प्रशासन को निर्देश दिए कियह सुनिश्चित किया जाए कि राशि सीधे मज़दूरों के खाते में आये। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बैठक में अधिकारियों से प्रदेश की अन्य बंद मिलों और उनके मजदूरों को होने वाले भुगतान की लंबित जानकारी भी तलब की।
इस कार्यक्रम के माध्यम से 4 हजार 800 श्रमिकों से जुड़े परिवारों के लगभग 25 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। गौरतल है कि मुख्यमंत्री ने हुकुमचंद मिल के मजदूरों की बकाया राशि लौटने के लिए 464 करोड़ रुपए स्वीकृत कर चुके हैं।