मध्यप्रदेश में कांग्रेस पर टिकट बंटवारे को लेकर भाई-भतीजावाद के आरोप लगे हैं। ये आरोप सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने लगाए हैं। साथ ही इसे भाई-भतीजावाद का सबसे बड़ा उदाहरण करार दिया है। बीजेपी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पूरे परिवार को टिकट दिया गया है, जबकि कई उम्मीदवार टिकट न दिए जाने से नाराज़ होकर पार्टी छोड़ रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा है कि कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक परिवारवाद की राजनीति है। कांग्रेस हमेशा वंशवाद के रास्ते पर चली है।

इस बीच, बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसौदिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खुद राज्यसभा सांसद हैं, जबकि उनके बेटे जयवर्धन सिंह को राधौगढ़ से मैदान में उतारा गया है। इसी तरह भाई लक्ष्मण सिंह को चाचौड़ा से और भतीजे प्रियवत सिंह को खिलचीपुर से टिकट दिया गया है।

परिवारवाद का इससे बड़ा उदाहरण कहां मिलेगा? बीजेपी नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस भाई-भतीजावाद और पट्टवाद के कारण पार्टी में योग्य उम्मीदवार नहीं उतार पाई, जिसके कारण टिकट वितरण के बाद कांग्रेस में गुटबाजी का रायता फैलता नज़र आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में कांग्रेस में पुतला दहन और इस्तीफे का दौर जारी है।