मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के तौर पर मोहन यादव के नाम पर मुहर लग गई है। मोहन यादव बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह 13 दिसंबर बुधवार को दोपहर 12 बजे भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। जिसमें मोहन यादव मुख्यमंत्री और जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला उपमुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। कुछ विधायकों के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है।

मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। यहां एक डोम बनाया जा रहा है, जिसमें 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। साथ ही मंच पर दो दर्जन वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। मेहमानों के लिए लाल परेड मैदान में तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय नेताओं और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।

इससे पहले सोमवार को हुई बीजेपी विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। शिवराज सिंह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। वह ओबीसी वर्ग से आते हैं। मोहन यादव को संघ का करीबी बताया जाता है।

मोहन यादव के सीएम चुने जाने के बाद शिवराज सिंह ने सीएम पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया, जिसे तुरंत स्वीकार कर लिया गया। शिवराज के सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद मोहन यादव राजभवन पहुंचे। यहां उन्होंने राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा किया। इस दौरान उनके साथ शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और वीडी शर्मा मौजूद रहे। साथ ही विधायक दल की बैठक के लिए नियुक्त तीनों पर्यवेक्षक मनोहर लाल खट्टर, डॉ. के. लक्ष्मण और आशा लाकड़ा भी मौजूद रहे।