MP में प्रशासनिक फेरबदल शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के पदभार ग्रहण के बाद पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल सीएम सचिवालय के प्रमुख सचिव के रूप में हुआ है। राघवेंद्र सिंह को मोहन यादव का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके अलावा भी नौकरशाही में बड़े बदलाव की तैयारी है।
शुक्रवार देर रात जारी आदेश में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी की जगह खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रमुख सचिव बनाया गया है। आईएएस अधिकारी राघवेंद्र सिंह अब तक खनिज साधन विभाग के प्रमुख सचिव के पद पर पदस्थ थे। इसके अलावा उनके पास अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी था। इसके साथ ही वह शिवराज सिंह चौहान के साथ जनसंपर्क आयुक्त भी रह चुके हैं।
साथ ही प्रदेश के बड़े पदों पर बैठे अधिकारियों की नई पोस्टिंग की फाइल तैयार की जा रही है। हालांकि, नए सिरे से अधिकारियों की जमावट मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद ही संभावित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का फोकस अभी विकसित भारत संकल्प यात्रा पर है। इस यात्रा का समापन 26 जनवरी को हो रहा है। ऐसे में अटकलें है कि यात्रा के बाद बड़े स्तर पर मैदानी अधिकारियों के तबादले होंगे।
प्रदेश में नए मुख्य सचिव और डीजीपी की भी नियुक्ति होना है। मुख्य सचिव वीरा राणा अतिरिक्त प्रभार में है। वे मार्च 2024 में सेवानिवृत्त होने वाली हैं। इसके अलावा डीजीपी सुधीर सक्सेना भी अगले साल सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इन दोनों अधिकारियों की जगह नए अधिकारियों की तलाश शुरू हो गई है। मुख्य सचिव के लिए केंद्र में सेवा दे रहे आईएएस अधिकारी अनुराग जैन का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसके अलावा भी दो नाम चर्चाओं में हैं।