कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के विदिशा में बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की आंधी आएगी। कांग्रेस यहां 145-150 सीटें जीत रही है। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमने कर्नाटक और हिमाचल में बीजेपी को हरा दिया है। हम मध्य प्रदेश में किसानों का कर्ज माफ करेंगे। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं कर सकती लेकिन हमने पिछली बार किसानों का कर्ज माफ किया था।

राहुल ने कहा कि मध्य प्रदेश में चोरी की सरकार है। आपने पांच साल पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार चुनी थी, लेकिन मोदी-शिवराज-अमित शाह ने विधायक खरीदकर आपकी चुनी हुई सरकार चुरा ली। भाजपा नेताओं ने आपके फैसले और आपके दिल की आवाज को कुचलने का काम किया। प्रदेश के किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों को धोखा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एक भी फैक्ट्री नहीं खोली।

राहुल गांधी ने कहा कि हमने कर्नाटक और हिमाचल में बीजेपी को हरा दिया है। हमने 'नफरत के बाजार' में प्यार की दुकानें खोल लीं। हम अहिंसा के सिपाही हैं। हम हत्या में विश्वास नहीं रखते। हमने प्यार से उनका पीछा किया। हमने उनसे कहा कि आपके लिए यहां कोई जगह नहीं है। आपने कर्नाटक को लूट लिया। वे 40 फीसदी कमीशन लेकर सरकार चलाते थे, इसलिए यहां से चले जाएं। यहां कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी।

राहुल ने कहा कि मध्य प्रदेश में आप युवाओं से पूछेंगे- क्या कर रहे हो? उनका जवाब है- कुछ नहीं। मोदीजी कहते हैं कि हमने मध्य प्रदेश में 500 फैक्ट्रियां खोलीं, लेकिन मोदीजी द्वारा खोली गई एक भी फैक्ट्री नजर नहीं आती। हाल ही में मुझे पता चला कि आपके शहर के विकास के लिए 1700 करोड़ रुपये भेजे गए, लेकिन एक भी रुपया आप तक नहीं पहुंचा। सारा पैसा भ्रष्ट भाजपा मंत्रियों की जेब में चला गया।