कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने तीखा कटाक्ष किया है। मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने न सिर्फ राहुल गांधी की यात्रा पर सवाल उठाये बल्कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को यात्रा में 'बलि का बकरा' तक करार दिया। 
 
पूरा मामला एक वायरल वीडियो से जुड़ा है, जिसमें कमलनाथ कथा वाचक पंडित प्रदीम मिश्रा से संवाद करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कमलनाथ यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि-हम तो सात दिन से मर रहे हैं। 

कमलनाथ की इस बात को भाजपा ने राहुल गांधी की मध्यप्रदेश में चल रही भारत जोड़ो यात्रा से जोड़ा है। वीडियो को लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कटाक्ष किया-

उन्होंने कहा कि धर्म और जनजातीय समाज के प्रति राहुल गांधी जी का पाखंड कमलनाथ जी के वायरल वीडियो में खुद उनकी जुबानी बयां हो रहा है। मैं राहुल बाबा से ये अपील भी करता हूं कि अपने इवेंट की सफलता के लिए शारीरिक रूप से असमर्थ अपने ही लोगों को जबरन 'बलि का बकरा' न बनाएं।

हाल ही में भाजपा में शामिल हुए नरेंद्र सलूजा ने कमलनाथ के इस वीडियो को शेयर कर लिखा कि- कहा जा रहा है कि यात्रा में लोग ख़ुद आ रहे है, थकान नहीं हो रही है , लोगो में उत्साह है और ये क्या कह रहे है…हम तो मर रहे है….

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंची थी। यहाँ राहुल गांधी और कमलनाथ ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया था और फिर दोनों नेताओं ने एक जनसभा को भी सम्बोधित किया था। राहुल गांधी इस दौरान गले में रूद्राक्ष की माला पहने और लाल रंग का अंगवस्त्र पहने नज़र आये। राहुल गांधी ने यहाँ बाबा महाकाल को दंडवत प्रणाम भी किया जिसकी तस्वीर जमकर वायरल है।