मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में जातिगत जनगणना बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। कांग्रेस जातिगत जनगणना को लेकर मुखर है वहीं भाजपा जातिगत जनगणना पर कांग्रेस को ही घेर रही है। इस बीच केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने राहुल गांधी की जाति पर विवादित बयान दे दिया है।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण में अंधी हो गई है। राहुल गांधी को खुद अपनी जाति के बारे में मालूम नहीं है।  वह मशाल लेकर पूरे देश में आग लगाने के लिए घूम रहे हैं। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल का यह बयान  राहुल गांधी और प्रियंका गांधी द्वारा मध्य प्रदेश में चुनावी जनसभा में जातिगत जनगणना कराने की बात पर आया है।

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस भूल जाती है कि देश की आजादी के बाद वह एक भी पिछड़े वर्ग का प्रधानमंत्री देश को नहीं दे पाई है। हम लोग अगड़े-पिछड़े की राजनीति नहीं करते हैं। मुझे गर्व है कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछड़े वर्ग से आते हैं। कांग्रेस हमेशा लड़ाने और भिड़ाने का काम करती है।