लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी 14 जनवरी से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का दूसरा चरण शुरू करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार भी राहुल की यात्रा में मध्य प्रदेश के नेता अहम भूमिका निभाने वाले हैं। राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत कई नेता मणिपुर पहुंचे हैं। 

कहा जा रहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण की तरह ही इस बार भी पटवारी को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जीतू राहुल की यात्रा में अहम भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं।

आपको बता दें कि जीतू पटवारी को 'भारत जोड़ो यात्रा' के पहले चरण का सह-प्रभारी बनाया गया था, जिसके बाद वह लगभग पूरी यात्रा में राहुल के साथ रहे। हालांकि, इस बार उन पर बड़ी जिम्मेदारी है। जीतू एमपी के पीसीसी चीफ हैं। उनकी टीम मणिपुर पहुंच चुकी है, राहुल गांधी मणिपुर से यात्रा शुरू करेंगे जो मुंबई में खत्म होगी। इस दौरान यात्रा पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र जैसे राज्यों से होकर गुजरेगी।

हालांकि, इस यात्रा की खास बात यह है कि इस बार पूरी यात्रा पैदल नहीं होगी, बल्कि राहुल इस बार बस का इस्तेमाल भी करेंगे। राहुल आधा सफर बस से और आधा पैदल तय करेंगे, माना जा रहा है कि वह यह यात्रा लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले पूरी करना चाहते हैं।

राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' मध्य प्रदेश से भी होकर गुजरेगी। यात्रा मध्य प्रदेश में दो चरणों में होगी, जिसमें राहुल गांधी राज्य की 6 लोकसभा सीटों को कवर करेंगे। यात्रा फरवरी में मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के धौलपुर से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद वह मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ होते हुए राजस्थान के बांसवाड़ा जाएंगे।

राहुल करीब 7 दिनों तक मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे। इस दौरान वे 9 जिलों को कवर करेंगे। मप्र में यह यात्रा 698 किमी की होगी। जिसके लिए कांग्रेस नेता तैयारियों में जुटे हुए हैं।

विधानसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी ने जीतू पटवारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें कमलनाथ की जगह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है, ऐसे में यात्रा को सफल बनाना और लोकसभा चुनाव में अपना असर दिखाना बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में जीतू पटवारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।