कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। राजा पटेरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी की थी। जिसके चलते पटेरिया को मध्य प्रदेश के दमोह के हट्टा से आज सुबह लगभग साढ़े पांच बजे गिरफ्तार किया गया था। 

इसके बाद उन्हें पवई कोर्ट में पेश किया गया। IPC की धारा 115 और 117 को धारा 451, 504, 505, 506, 153b के तहत पटेरिया पर केस दर्ज किया गया है। पटेरिया पर सभी गैर-जमानती धाराएं लगाई गई थीं। इसके बाद कोर्ट ने पटेरिया को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पटेरिया के बयान पर कड़ा विरोध जताते हुए उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। इसके बाद एक्शन लेते हुए राजा पटेरिया की गिरफ्तारी की गई है।

हाल ही में राजा पटेरिया का एक वीडियो सामने आया था। जिसमें वे कथित तौर पर 'पीएम मोदी की हत्या करने' की बात करते नजर आ रहे थे। हालांकि पटेरिया बाद में अपने बयान से मुकर गए थे। उन्होंने कहा कि वह अगले चुनाव में मोदी को हराने की बात कर रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि वे प्रवाह में बोलते चले गए थे।

सामने आए कथित वीडियो में राजा पटेरिया कुछ कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। वीडियो में वे कहते दिखाई दे रहे हैं, कि मोदी चुनाव खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर बांट देगा, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों का जीवन खतरे में है, अगर संविधान को बचाना है तो मोदी की हत्या के लिए तैयार रहें। हालांकि, बाद में वे ये कहते नज़र आए कि हत्या का तात्पर्य हार से है।

वीडियो वायरल होने के बाद राजा पटेरिया ये सफाई देते भी नज़र आए कि वे आने वाले चुनाव में बीजेपी को हराना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रवाह में हुआ। लेकिन इस वीडियो को रिकॉर्ड करने वाले ने केवल उसी  हिस्से को उठा लिया। राजा पटेरिया ने इस बात का भी दावा किया कि ये वीडियो को एडिटेड है। मेरा ऐसा मतलब नहीं था। मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।