मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शपथ के बाद पहली बार लाड़ली बहना योजना की किस्त बुधवार को जारी की। बुधवार को राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में  सिंगल क्लिक से 1576.61 करोड़ रुपए ट्रांसफर किये।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यकर्म में सामाजिक न्याय विभाग की 12 पेंशन स्कीम के 56 लाख हितग्राहियों को 341 करोड़ भी ट्रांसफर किए। इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन ने कहा कि आज लाड़ली बहनों के खाते में रुपए ट्रांसफर किए हैं। अपने बाप का क्या जाता है, राम की चिड़िया राम के खेत खाओ मोरी चिड़िया भर-भर पेट। आपका है आपको ही दे रहे हैं।

डॉ. मोहन यादव ने  अपने संबोधन की शुरुआत बाबा महाकाल और मकर संक्रांति का जिक्र करते हुए की। उन्होंने कहा- हमारे त्योहार को मनाने का तरीका और प्रकृति से उसका संबंध एक अलग एहसास कराता है।

इधर पूर्व CM शिवराज ने राशि ट्रांसफर होने पर लाडली बहनों को बधाई दी है। मीडिया से चर्चा में शिवराज ने कहा कि आज 10 तारीख है... मध्य प्रदेश की मेरी लाडली बहनों, आज लाड़ली बहना दिवस है और आज ही आपके खाते में फिर 1250 रुपए आने वाले हैं। सभी बहनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं...!

शिवराज ने आगे कहा कि मेरे लिए सारी बहनें देवी का रूप है और महिला सशक्तिकरण मेरे जीवन का मिशन है। अब लाडली बहनें, लखपति बहनें बने इसके अभियान में मैं जुटूंगा। मैं हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव जी को और उनकी पूरी टीम को धन्यवाद और बधाई देता हूं कि यह योजना निरंतर जारी रहेगी और मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार मां, बहन और बेटी के जन कल्याण में जुटी रहेगी।