मध्यप्रदेश के कटनी-सतना के बीच चलती ट्रेन में एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। ट्रेन जब सतना स्टेशन पर रुकी तो आरोपी ने महिला को कोच से बाहर फेंक दिया और गेट बंद कर दिया। ट्रेन 30 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही, लेकिन जीआरपी बोगी का गेट नहीं खोल सकी। घटना रविवार देर रात की बतायी जा रही है।
अब इस घटना को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। INC मध्यप्रदेश ने अपने X हैंडल पर इसे लेकर एक पोस्ट शेयर की है। पोस्ट में लिखा है।
मध्यप्रदेश में चलती ट्रेन में महिला के साथ रेप: — आरोपी ने सतना स्टेशन पर पीड़ित महिला को बोगी से बाहर फेंका, खुद को टॉयलेट में बंद किया हे ! भगवान, बेटियों की रक्षा करो।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने खुद को टॉयलेट में बंद कर लिया था। इसके बाद टॉयलेट का गेट तोड़कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी कमलेश कुशवाह उत्तर प्रदेश के बांदा का रहने वाला है। आरोपी को कटनी जीआरपी को सौंप दिया गया है।
बताया जा रहा है कि जिस ट्रेन में यह घटना घटी वह विधानसभा चुनाव कराने आये पुलिस बल को लेकर जा रही थी। ट्रेन खाली थी और कटनी से लौट रही थी। ट्रेन काफी देर तक पकरिया स्टेशन पर रुकी रही। इसी बीच आरोपी ने ट्रेन में चढ़ी महिला को पकड़ लिया।
पीड़ित महिला ने बताया कि 'मुझे उचहेरा जाना था। ट्रेन पकड़ने के लिए पकरिया स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन पर घूम रही थी, तभी वहां इस ट्रेन को खड़ा देखा। ट्रेन खाली थी तो मैं उसमें चढ़ गई। ट्रेन स्टेशन पर कुछ देर खड़ी रही, तब मैं टॉयलेट गई। वहां पीछे से आरोपी आ गया। वो कौन था, मैं देख नहीं पाई।
उसने मुझे अपने साथ टॉयलेट में बंद कर लिया। इतने में ट्रेन चलने लगी। उसने पहले मेरे साथ मारपीट की फिर जबरदस्ती करने लगा। मैं चिल्लाई पर वहां सुनने वाला कोई नहीं था। उसने मेरे साथ रेप किया। फिर सतना स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो मुझे ट्रेन से बाहर फेंककर गेट बंद कर लिया। यहां मैंने जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत की।