रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना स्टारर 'एनिमल' इन दिनों सुर्खियों में है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। इस फिल्म में रश्मिका मंदाना के किरदार गीतांजलि की भी काफी तारीफ हुई। ऐसे में अब रश्मिका 13 दिसंबर को 'पुष्पा 2- द रूल' की शूटिंग शुरू करेंगी। फिल्म इंडस्ट्री ट्रैकर रमेश बाला ने अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट में इस बात की जानकारी दी है।

उन्होंने लिखा- एनिमल फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद अब रश्मिका मंदाना अपनी आने वाली फिल्म का शूट शुरू करेंगी। यह फिल्म साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 है। इसकी शूटिंग 13 दिसंबर से शुरू होगी। रमेश बाला ने रश्मिका को नेशनल क्रश के नाम से संबोधित किया है।

इंडस्ट्री के एक सूत्र के मुताबिक, एक्ट्रेस हैदराबाद में सीक्वल की शूटिंग करेंगी। फिल्म के पहले पार्ट में, एक्ट्रेस ने श्रीवल्ली की भूमिका निभाई थी। अल्लू अर्जुन के शानदार डांस ने फिल्म पुष्पा के गानों को बड़ा हिट बना दिया था। ऐसे में अब रश्मिका पुष्पा 2 में श्रीवल्ली के अपने आइकोनिक किरदार को दोहराती नजर आएंगी। रश्मिका ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एनिमल की एक हफ्ते की सफलता पर एक पोस्ट शेयर किया पोस्ट में रश्मिका ने अपने किरदार गीतांजलि के बारे में लिखा था।

उन्होंने लिखा- गीतांजलि प्योर, वास्तविक, अनफिल्टर्ड और मजबूत है। कभी-कभी बतौर एक्टर, मैं गीतांजलि के कुछ कार्यों पर सवाल उठाती थी। मुझे याद है उस समय मेरे डायरेक्टर कहते थे कि यह रणविजय और गीतांजलि की कहानी है। यह उन दोनों के प्यार और जुनून दिखाने का तरीका है। गीतांजलि एक चट्टान थी, जिसने सभी तूफानों का सामना किया। वह अपने परिवार की खातिर सब करने को तैयार थी। मेरी नजर में गीतांजलि बहुत खूबसूरत है। कुछ मायनों में वह उन ज्यादातर महिलाओं की तरह है जो मजबूती से खड़ी हैं और दिन-रात अपने परिवार की रक्षा कर रही हैं। आखिर में उन्होंने ऑडियंस का शुक्रिया अदा किया और लिखा- दोस्तो, आप सभी के प्यार के लिए धन्यवाद। यही मुझे आगे बढने के लिए प्रेरित करता है, और हर फिल्म के साथ मुझे और अधिक मेहनत करने का जज्बा देता है।