बॉलीवुड की मस्त-मस्त फेम एक्ट्रेस रवीना टंडन इन दिनों भोपाल में हैं। रवीना इन दिनों अपनी फ़िल्म 'पटना शुक्ला' की शूटिंग में बिज़ी हैं। इसी के चलते शूटिंग के साथ-साथ रवीना भोपाल की सड़कों पर मौसम और खाने पीने का भी लुत्फ़ उठाती दिखाई दे रही हैं।
रवीना ने सोशल मीडिया पर मस्ती भरा एक वीडियो भी शेयर किया है। रवीना ने सोशल मीडिया पर लिखा है- भोपाल में रहने का आनंद, हर पल प्यार करने वाले लोगों की गर्माहट... भोपालवासियों जैसा व्यवहार और प्यार कोई नहीं करता...।
रवीना मौज-मस्ती से सराबोर होकर स्कूटी से भोपाल के की सैर कर रही हैं। झीलों के शहर भोपाल की सुंदरता ने रवीना टंडन का मन मोह लिया है। रवीना कभी इलेक्ट्रिक रिक्शा में बैठी नज़र आ रही हैं, तो कभी समोसे और कचौरी का लुत्फ़ उठा रही हैं। ग्रे बॉर्डर वाली व्हाइट साड़ी में रवीना बेहद स्टनिंग लग रही हैं।
उन्होंने भोपाल की सड़कों पर मस्ती करते हुए अपना 2 मिनट का वीडियो इंस्टाग्राम और ट्विटर पर शेयर किया है। वीडियो में रवीना स्मार्ट रोड, रानी कमलापति ब्रिज, सदर मंजिल समेत पुराने शहर के कई इलाकों में मस्ती करती नजर आ रही हैं। वीडियो को देखकर कहा जा सकता है कि भोपाल शहर रवीना को काफी रास आ रहा है। रवीना अपने फैंस को ऑटोग्राफ भी दे रही हैं और फैंस के साथ फोटो भी खिंचवा रही हैं।
शूटिंग से फ्री होकर रवीना टाइगर रिजर्व में सफारी करने भी पहुंच गईं। हलांकि सफारी के दौरान एक टाइगर उनकी गाड़ी के काफी पास आ गया था जिसे लेकर बवाल भी मच गया था। रवीना पर टाइगर रिजर्व के नियमों का उल्लंघन करने का भी आरोप लगा था। इससे पहले रवीना को भोपाल के वन बिहार में पत्थर फेंकने वालों पर नाराज़गी जताते हुए भी देखा गया था।