सतपुडा टाइगर रिजर्व में बाघ के नजदीक जाकर वीडियो बना सोशल मीडिया पर शेयर करना बाॅलीवुड एक्टेस रवीना टंडन को भारी पड़ता दिख रहा है। टाइगर रिजर्व ने अब इस मामले में की जांच शुरू कर दी है। बड़ी बात यह है कि हाल ही में रवीना ने भोपाल के वन विहार में बाघ के बाड़े में पत्थर फेंकने पर अपना गुस्सा जाहिर कर तारीफ बटोरी थी लेकिन अब रवीना पर टाइगर को परेशान किए जाने को लेकर जांच होगी।
बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन विवादों में घिरती नज़र आ रही हैं। वजह है उनका मध्य प्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में एक सफारी का वीडियो। जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर करके मुसीबत मोल ले ली है। सफारी के दौरान उनकी जीप बाघ के काफी करीब नज़र आई।
इस मामले को लेकर अब बवाल मच गया है। एक्ट्रेस की इस जंगल सफारी की जांच की जाएगी। अधिकारियों ने इसे टाइगर रिजर्व के नियमों के ख़िलाफ बताया है। वहीं रवीना पर टाइगर रिजर्व के नियमों को तोड़ने का आरोप लगाया गया है। रिजर्व के अधिकारी मामले को लेकर एक्शन लेने की बात कह रहे हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
वीडियो में रवीना लगातार टाइगर की फोटो क्लिक कर रही हैं इसके बाद ये भी देखा जा सकता है, कि रवीना को डराने के लिए क्लिक की आवाज़ सुनकर टाइगर दहाड़ता है और इसके बाद वहां से चला जाता है। रवीना ने ये भी लिखा है, कि जब वो पास आया हम ने शांति बनाए रखी और वो चला गया। वीडियो क्लिप में कैमरे के शटर की भी आवाज़ सुनाई देती है और साथ ही एक बाघ को भी दहाड़ते हुए सुना जा सकता है।
रवीना टंडन ने 29 नवंबर मंगलवार को ट्विटर पर जंगल सफारी की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए थे। वायरल हो रहे वीडियो में रवीना की जीप बाघ के बेहद करीब नजर आ रही है। वीडियो में दो-तीन बाघ भी नज़र आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद वन रिजर्व के अधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताई है। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने जिप्सी चालक, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को नोटिस भेजा है। मामले में उनसे भी पूछताछ की जाएगी।
नियमानुसार किसी भी पर्यटक को वन्य प्राणियों को 20 मीटर की दूरी से ही देखने की इजाज़त है। पर्यटक किसी भी वन्य प्राणी के करीब इस दूरी से ज़्यादा तक नहीं जा सकते। इस मुद्दे पर बोलते हुए, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के उप निदेशक ने इस बात की पुष्टि की कि रवीना टंडन ने टाइगर रिजर्व का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। रवीना टंडन के साथ मौजूद ड्राइवर और गाइड से भी अलग-अलग पूछताछ की जाएगी।
आपको बता दे कि रवीना टंडन इन दिनों अपनी फ़िल्म की शूटिंग के चलते भोपाल में हैं। अभी हाल ही में उन्होंने भोपाल के वन बिहार का भी दौरा किया था। वहां पर वन्य प्राणियों पर पत्थर फेंकने को लेकर उन्होंने नाराज़गी जताई थी। दो महीने के अंदर रवीना का ये सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का दूसरा ट्रिप है।