बैतूल में लापरवाही के चलते एक बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया है। बच्चे की उम्र 7 साल बताई जा रही है। वहीं बच्चा जिस बोरवेल में गिरा है वो 400 फीट गहरा है, लेकिन बच्चे के 50-60 फीट की गहराई में फंसे होने की खबर है। मंगलवार की शाम बच्चे के बोरवेल में गिरने के बाद से बचाव कार्य जारी है। वहीं बच्चे की सलामती के लिए दुआओं का दौर भी चल रहा है।
घटना आठनेर प्रखंड के मांडवी गांव की बताई जा रही है। 7 साल का तन्मय साहू पिछले कई घंटों से बोरवेल में फंसा हुआ है। बताया जा रहा है कि बोरवेल में ठंडा पानी भरा हुआ है। रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत 30 फीट की दूरी पर खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बोरवेल 3 साल से खुला था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थानीय प्रशासन को इस मामले में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये हैं।
वहीं एसपी सिमाला का कहना है, कि 5-6 घंटे में बच्चे को रेस्क्यू कर लिया जाएगा। बच्चा कल शाम से ही रिस्पांड नहीं कर रहा है। खेत मालिक पर भी FIR रजिस्टर कर कार्रवाई की भी बात कही जा रही है। IPC की धारा 279 के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। रेस्क्यू ट्रेंड एंड ट्राइड वेल रिसर्चड और सांइंटिफिकली अप्रूव्ड तरीके से बचाव किया जा रहा है। ऑक्सीजन की सप्लाई निरंतर जारी है, ताकि तन्मय सांस ले सके।
परिवार का इकलौता बेटा तन्मय तीसरी कक्षा में पढ़ता है। बच्चे के गिरने के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बच्चे के पिता ने कहा कि अगर बोरवेल नहीं खोला होता तो बेटा नहीं गिरता। उन्होंने सभी से अपील की कि कोई भी बोरवेल खुला न छोड़ा जाए। तन्मय के पिता सुनील साहू ने कहा- गांव के नानक चौहान के खेत का बोरवेल खुला हुआ था जिसके चलते यह हादसा हुआ है।