मध्यप्रदेश समेत चार राज्यों के चुनाव के नतीजों पर देश भर की निगाह लगी है। रविवार को आने वाले चुनाव नतीजों का काउंटडाउन भी शुरू हो चुका है। परिणाम के ऐलान से एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अयोध्या में रामलला की शरण में नज़र आये।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को अयोध्या पहुंचे और हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद सिंधिया ने राम मंदिर निर्माण का जायजा भी लिया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जनरल (रि.) वीके सिंह भी मौजूद रहे।
इससे पहले सुबह उन्होंने ग्वालियर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बीजेपी की जीत का दावा किया। बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि बीजेपी मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
गौरतलब है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में रविवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। जबकि मिजोरम का चुनाव परिणाम सोमवार को आएगा।