भोपाल: मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बाघ देने से इंकार कर दिया है। विधानसभा आम चुनावों के दौरान इसे टाईगर को सियासत के रुप में देखा जा रहा है।

दरअसल केंद्र सरकार की नेशनल टाईगर कन्जरवेशन अथारिटी ने छत्तीसगढ़ राज्य के अचानक मार वन क्षेत्र के लिये मप्र से एक नर बाघ एं महाराष्ट्र से दो मादा बाघ देने की सिफारिश की हुई है। इस सिफारिश के आधार पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने मप्र के सीएम चौहान को पत्र लिखकर बाघ देने की मांग की थी। 

मप्र के वन विभाग की वन्यप्राणी शाखा ने प्रदेश में बाघों की संख्या अत्यधिक होने एवं छग में बाघों का कुनबा बढ़ाने के लिये बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व से एक नर बाघ देने का प्रस्ताव दिया था और राज्य सरकार से इसके ट्रांसलोकेशन की अनुमति मांगी थी। परन्तु सीएम चौहान ने छग को बाघ देने से इंकार कर दिया है। हालांकि बाघ न देने का कोई कारण नहीं बताया है। इस इंकार के पीछे छग में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार होना है।