मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद पहली बार शिवराज सिंह चौहान  को दिल्ली तलब किया गया है। पार्टी आलाकमान ने शिवराज को अचानक दिल्ली बुलाया है। आलाकमान के बुलावे पर अब अटकलें शुरू हो गई हैं।

शिवराज सिंह चैहान सोमवार शाम दिल्ली पहुंचेंगे। प्रदेश में मिली प्रचंड जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद भी अब तक शिवराज को आलाकमान ने कोई बडी जिम्मेदारी नहीं दी है।  यहां तक कि रविवार शाम मंत्रीमंडल को लेकर बुलाई गई बैठक में भी शिवराज शामिल नहीं थे।

ऐसे में यह माना जा रहा है कि आलाकमान ने अब शिवराज के भविष्य को तय करने यह बुलावा भेजा है। माना जा रहा है कि आलाकमान से मुलाकात के बाद शिवराज का सियायाी भविष्य क्या होगा इस पर विराम लग जाएगा। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि मंत्रिमंडल के नामों पर मुहर से पहले शिवराज के साथ आलाकमान मंथन करना चाहता है। 

बड़ी बात यह है कि शिवराज चुनाव नतीजों के बाद अब तक दिल्ली नहीं गए हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य बड़े नेता नतीजों के तुरंत बाद दिल्ली पहुंचे थे।  तब शिवराज ने कहा था कि अपने लिए मांगने से अच्छा वे मर जाना पसंद करेंगे।

इससे पहले शिवराज सोमवार को विधानसभा पहुंचे। विधानसभा सत्र के आगाज पर उन्होंने भी विधायक पद की शपथ ली। शिवराज ने इस बार अपनी सीट बुधनी से बडी जीत हासिल की है। साथ ही प्रदेश में भी उनकी लाडली बहना योजना की भाजपा की जीत में अहम भूमिका मानी जा रही है।