पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित CM हाउस रिक्त कर दिया है। वे अब 74 बंगला क्षेत्र के सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए हैं। अब CM हाउस का मुख्यमंत्री मोहन यादव ठिकाना होगा।
74 बंगले शिफ्ट होने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने परिवार सहित सीएम हाउस स्थित मंदिर में पूजा अर्चना की और गौशाला में गौ माता के दर्शन किए। इस अवसर पर सीएम हाउस में पदस्थ सुरक्षा कर्मियों ने उन्हे विदाई भी दी।
बताया जा रहा है कि नये मुख्यमंत्री मोहन यादव की जरूरत के मुताबिक सीएम हाउस की सज्जा में कुछ बदलाव होंगे। हालांकि कमलनाथ के मुख्यमंत्री रहते इस मकान की नये सिरे से मरम्मत हुई थी और फिर शिवराज ने यहां समत्व के नाम से नये कार्यालय भवन का निर्माण कराया था।
इससे पहले मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम हाउस पहुंचकर शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी। माना जा रहा था कि राजनीतिक विषयों के अलावा इस मुलाक़ात में CM आवास को लेकर भी बात हुई थी। अभी तक CM मोहन यादव अपने मंत्रित्व काल में मिले सरकारी आवास से ही काम कर रहे थे।