टेंट व्यवसायी से रंगदारी वसूलने और टीआई को जान से मारने की धमकी देने वाला कुख्यात अपराधी नसीम बन्नी खान अब पुलिस की गिरफ्त में है। सोमवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। क्राइम ब्रांच पुलिस को सूचना मिली थी कि वह मनुभावन टेकरी में छिपा हुआ है। इसके बाद जब क्राइम ब्रांच टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो नसीम ने वहां से भागने की कोशिश की, बल्कि पुलिस पर फायरिंग भी की।

इसके जवाब में पुलिस की उससे हल्की मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। अपराधी नसीम के इलाज के लिए हमीदिया हॉस्पिटल में डमिट कराया गया है। जानकारी के मुताबिक इस पूरी घटना में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। मौके पर डीसीपी क्राइम श्रुतकीर्ति सोमवंशी, डीसीपी जोन 3 रियाज इकबाल समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

आपको बता दें कि नसीम वही आरोपी है जिसने हाल ही में तलैया थाना क्षेत्र में एक टेंट व्यवसायी से रंगदारी वसूली थी और फायरिंग भी की थी और वीडियो बनाकर सीहोर के डोहरा थाना प्रभारी को जान से मारने की धमकी भी दी थी। जिले का अभियुक्त नसीम गोली कांड समेत आधा दर्जन अपराधों में फरार चल रहा था। तभी से सीहोर जिला क्राइम ब्रांच, डोहरा थाना पुलिस और भोपाल की तलैया पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।